चंद्रयान-3 की डिजाइन बनाने का दावा करने वाले कथित वैज्ञानिक मितुल की मुश्किल बढ़ी

चंद्रयान-3 की डिजाइन बनाने का दावा करने वाले कथित वैज्ञानिक मितुल की मुश्किल बढ़ी

-कथित वैज्ञानिक के दावों की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी

सूरत, 27 अगस्त । सूरत में कथित वैज्ञानिक मितुल त्रिवेदी के मामले में नया मोड़ आया है। मितुल के इसरो और नासा से जुड़े होने के दावे की जांच अब सूरत क्राइम ब्रांच करेगी। मितुल ने दावा किया था कि उन्होंने चंद्रयान-3 की डिजाइन बनाने वाली टीम में काम किया है। इसके बाद से मितुल के इस कथित दावे पर विवाद पैदा हो गया है। मीडिया में साक्षात्कार देने के बाद से मितुल की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। इससे पूर्व उन्हें पुलिस आयुक्त ने कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की थी।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद सूरत के एल पी सवाणी रोड स्थित स्वाति सोसायटी के रहने वाले मितुल त्रिवेदी और उनके शिक्षक के बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद गुरुवार को दिन भर मीडिया को दिए साक्षात्कार में मितुल ने बताया था कि वर्ष 2011 से वह इसरो और वर्ष 2013 में वह नासा में काम कर रहा है। दावा किया था कि इससे पूर्व वह चंद्रयान-2 और मंगल मिशन में भी जुड़ा हुआ था। चंद्रयान-3 के लैंडर की डिजाइन बनाने में उसने योगदान दिया था। बाद में कई लोगों ने इसरो के लोगों समेत अन्य सूत्रों से जांच की तो मितुल नाम के किसी व्यक्ति के इसरो में कार्यरत नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद से मितुल के दावे पर शंका होने लगा। बाद में पुलिस आयुक्त कार्यालय में मितुल को बुलाकर पूछताछ की गई। अब क्राइम ब्रांच को इस मामले की जांच का काम सौंपा गया है।