ओडिशा पुलिस ने घायल महिला नक्सली को पकड़कर धमतरी पुलिस को सौंपा

ओडिशा पुलिस ने घायल महिला नक्सली को पकड़कर धमतरी पुलिस को सौंपा

धमतरी, 22 अप्रैल् ।ओडिशा की नवरंगपुर पुलिस ने एक महिला नक्सली को पकड़कर धमतरी जिला पुलिस को सौंपा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल की सुबह पुलिस एसओजी और सीआरपीएफ कुंदई की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्च आभियान पर निकली थी। टीम को धमतरी जिले ने नगरी सिहावा क्षेत्र के ग्राम एकावारी के एक मकान में छिपी एक घायल महिला नक्सली मैंगो नुरेटी उर्फ सिंधु 25 वर्ष मिली। धमतरी के बोरई थाना अंतर्गत एकावरी जंगल में बीते 12 अप्रैल को जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में यह महिला नक्सली शामिल थी।

मुठभेड़ के बाद नक्सली घटना स्थल से फरार हो गए थे। इसी मुठभेड में पैर में गोली लगने से यह महिला नक्सली घायल हो गई थी। वर्ष 2021 से सीतानदी एरिया कमेटी के साथ दीपक मंडावी उर्फ अरुण के नेतृत्व में यह महिला नक्सली सक्रिय है। ओडिशा के नवरंगपुर पुलिस द्वारा पकड़ी गई महिला नक्सली को छत्तीसगढ़ के धमतरी पुलिस से संपर्क कर उसे रविवार को सौंप दिया गया।

इस मामले में डीएसपी नक्सल सेल धमतरी आरके मिश्रा ने बताया कि बीते दिनों एकावरी के जंगल में हुई मुठभेड़ में मैंगो नुरेटी उर्फ सिंधु शामिल थी। पैर में गोली लगने से घायल है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।