भक्त चरण दास ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त, विक्रांत भूरिया को आदिवासी कांग्रेस की कमान मिली

भक्त चरण दास ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त, विक्रांत भूरिया को आदिवासी कांग्रेस की कमान मिली

कांग्रेस ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास को पार्टी की ओडिशा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही एक अन्य आदेश में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य विक्रांत भूरिया को पार्टी के अखिल भारतीय आदिवासी प्रकोष्ठ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भक्त चरण दास को तत्काल प्रभाव से प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास अतीत में लोकसभा के सदस्य रहने के साथ बिहार के कांग्रेस प्रभारी भी रहे हैं।

इसके साथ ही कांग्रेस ने मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य विक्रांत भूरिया को अपने अखिल भारतीय आदिवासी प्रकोष्ठ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर विक्रांत भूरिया की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति की।

विक्रांत भूरिया ने शिवाजी राव मोघे का स्थान लिया है। पेशे से चिकित्सक भूरिया पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता कांतिलाल भूरिया के पुत्र हैं। वहीं कांग्रेस ने ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पिछले साल जुलाई में पूरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया था। अब भक्त चरण दास को पार्टी की कमान दी गई है।