भोपाल, 31 मार्च । मध्यप्रदेश में आज (शुक्रवार) भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। रीवा, शहडोल, जबलपुर संभागों में हल्की बारिश होगी। सागर और नर्मदापुरम संभागों में भी इसका असर दिखाई देगा। इन संभागों के जिलों में शुक्रवार को 30 से 50 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के कई जिले गुरुवार से पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित हैं। भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए रहे। रीवा, खजुराहो, नौगांव, उज्जैन में हल्की बारिश हुई। जबलपुर में तो रात में तेज बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे का कहना है कि 30 मार्च से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इसका असर पूरे प्रदेश पर है। 31 मार्च को भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। गरज-चमक की स्थिति भी बनेगी। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और गर्मी का असर तेज होने लगेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को नर्मदापुरम और सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली के गिर सकती है। रीवा, शहडोल और जबलपुर में भी मौसम ऐसा ही रहेगा। यहां हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हवा की रफ्तार 50 कि.मी. प्रतिघंटा तक रहेगी। राजधानी भोपाल में भी शुक्रवार को मौसम बदला रहेगा। इसके बाद गर्मी का असर बढ़ने लगेगा।