चंडीगढ़, 30 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष मासिक कार्यक्रम मन की बात के सौवें एपिसोड का हरियाणा में 9630 स्थानों पर स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला में तो भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने रोहतक में कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी।
हरियाणा के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन सौ-सौ स्थानों पर मन की बात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अलावा प्रदेश के सांसद, विधायक व मंत्री भी अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इस आयोजन को सफल करार देते हुए कहा कि 100वें एपिसोड को सुनने के लिए साढ़े 13 लाख कार्ड वितरित किए गए। प्रदेश में निजी संस्थाओं, एनजीओ, निजी संगठन, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थाओं में भी बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम को सुना गया। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हरियाणा के उत्साही नौजवान सुनील जागलान तथा प्रदीप सांगवान के साथ बात की, तो हरियाणावासियों को गर्व की अनुभूति हुई।
हरियाणा के रेवाड़ी में भारी संख्या में सफाई कर्मियों ने मन की बात को सुना। इसके अलावा 3614 जनप्रतिनिधियों पंच, सरपंच, जिला पार्षद, ब्लॉक समिति पार्षद व पूर्व विधायक या पूर्व पार्षद इस कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पंचकूला के निकट पिंजौर में, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद में, हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने जगाधरी में, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कैथल के गांव खेड़ी में, कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने जींद में, कैबिनेट मंत्री डॉ.बनवारी लाल ने गांव राजगढ़,रेवाड़ी, राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने नारनौल, सांसद सुनीता दुग्गल ने सिरसा के गांव चौटाला में, सांसद बिजेन्द्र सिंह ने हिसार के गांव दौलतपुर में, राज्य सभा सांसद डीपी वत्स ने जींद, सांसद रमेश कौशिक ने गोहाना,सांसद अरविंद शर्मा ने रोहतक, सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने महम तथा सांसद धर्मबीर सिंह ने भिवानी में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम मन की बात को सुना।